चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं ने जाना अस्पताल का कामकाज

चंदौली समाचार डेस्क • 18 अक्टूबर 2026, 06:32 बजे • 140 बार पढ़ा गया
मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं ने जाना अस्पताल का कामकाज

बाल चिकित्सालय दुल्हीपुर में शैक्षिक भ्रमण, डॉ. अंकित सिंह ने बच्चों को दी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

दुल्हीपुर, चंदौली। प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) का शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में दुल्हीपुर के छात्र-छात्राओं ने बाल चिकित्सालय दुल्हीपुर का भ्रमण किया। इस दौरान सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अंकित सिंह (एमबीबीएस, एमडी) ने बच्चों को अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

भ्रमण के दौरान बच्चों को बताया गया कि अस्पताल में मरीजों का पंजीकरण कैसे होता है, ओपीडी में चिकित्सक से परामर्श लेने की प्रक्रिया क्या है और मरीजों को किस प्रकार उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही रक्त परीक्षण, पैथोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली तथा दवा वितरण केंद्र से दवाएं प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

स्वच्छता और पोषण के प्रति किया जागरूक

डॉ. अंकित सिंह ने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, नियमित टीकाकरण और एनीमिया यानी खून की कमी से बचाव के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए पौष्टिक आहार, साफ-सफाई और समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद महत्वपूर्ण हैं।

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देना उद्देश्य

इस शैक्षिक भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य छात्राओं और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल की सुविधाओं का लाभ लेने में संकोच न करें। अस्पताल की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलने से बच्चों को उपचार की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी मिली।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत इस तरह की पहल बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित करती है।