चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

एलबीएस पीजी कॉलेज में विशेषज्ञ व्याख्यान, 120 विद्यार्थियों ने जाना बदलते जॉब मार्केट का स्वरूप

चंदौली समाचार डेस्क • 29 अक्टूबर 2026, 07:04 बजे • 68 बार पढ़ा गया
एलबीएस पीजी कॉलेज में विशेषज्ञ व्याख्यान, 120 विद्यार्थियों ने जाना बदलते जॉब मार्केट का स्वरूप

मुगलसराय, 29 अक्टूबर। लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज, मुगलसराय में विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार संभावनाओं से रूबरू कराने के उद्देश्य से ‘वर्तमान जॉब मार्केट: करियर प्रॉस्पेक्ट्स’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। GNIOT इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (GIMS), ग्रेटर नोएडा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता डॉ. प्रियंक कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों को बदलते रोजगार बाजार, नई कार्यक्षेत्रीय आवश्यकताओं और वर्ष 2029 तक रोजगार के क्षेत्र में संभावित बदलावों की जानकारी दी।
डॉ. प्रियंक कुलश्रेष्ठ ने कहा कि भविष्य में बेहतर करियर बनाने के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, प्रभावी संचार कौशल और व्यावहारिक क्षमताओं का भी विकास करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय और रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने करियर निर्माण में निरंतर सीखने, अपनी क्षमताओं को निखारने और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
लगभग एक घंटे तक चले इस विशेषज्ञ व्याख्यान में बीएससी, बीकॉम और एमकॉम के करीब 120 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर करियर विकल्प चुनने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उदयन मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसके सफल संचालन में श्री मोहम्मद साकिब, श्री आलोक गुप्ता, डॉ. पुष्पराज सिंह, श्री यश नाइक, डॉ. विमर्श मिश्रा, डॉ. रूपेश कुमार मोहले, श्री सत्यजीत तिवारी एवं डॉ. सोनिया पाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि बदलते रोजगार परिदृश्य में सफलता के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ कौशल विकास और समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करना बेहद आवश्यक है।