चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

सामनेघाट पुल पर महिला से चेन लूट, दो लुटेरे गिरफ्तार; जंगल में छिपकर रात होने का कर रहे थे इंतजार

चंदौली समाचार डेस्क • 04 सितमबर 2026, 04:34 बजे • 82 बार पढ़ा गया
सामनेघाट पुल पर महिला से चेन लूट, दो लुटेरे गिरफ्तार; जंगल में छिपकर रात होने का कर रहे थे इंतजार

वाराणसी। रामनगर पुलिस ने सामनेघाट पुल पर ई-रिक्शा सवार महिला से चेन लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पीली धातु की चेन बरामद कर ली। घटना के बाद दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल में छिपकर रात होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को महिला ने रामनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि वह ई-रिक्शा से सामनेघाट पुल से जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश उसके गले से चेन झपटकर फरार हो गए। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात के बाद दोनों बदमाश बंधा रोड की ओर भागे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी की। यहां से रात करीब 9:15 बजे दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में महिला से छीनी गई चेन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन दुबे (31), निवासी रघुनाथपुर, थाना फूलपुर और गौरव तिवारी (22), निवासी गोगवा, पोस्ट रैसीपुर, थाना जंसा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वारदात के दौरान कई लोगों ने उन्हें देख लिया था। पकड़े जाने के डर से वे जंगल में छिप गए और रात होने का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मोटरसाइकिल से शहर में घूमकर महिलाओं की रेकी करते थे। मौका मिलते ही गले से चेन या हाथ से पर्स झपटकर फरार हो जाते थे। लूटे गए सामान को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरव तिवारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ कपसेठी थाने में वर्ष 2023 में चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
रामनगर थाने में मामले में मु0अ0सं0 0232/2026, धारा 309(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक शिवम सोनी, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गौड़, पंकज मिश्रा, नितेश शर्मा, मनीष मौर्या तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, दुर्गा प्रसाद और अजीत कुमार शामिल रहे।