मुगलसराय में 19 सितंबर को जुटेंगे दिग्गज चिकित्सक, न्यूरो रोगों पर होगा मंथन
न्यूरो सर्जरी और आधुनिक चिकित्सा पर विशेषज्ञ देंगे महत्वपूर्ण व्याख्यान, जनस्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर होगी चर्चा
मुगलसराय। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के तत्वावधान एवं न्यूरोसिटी के सौजन्य से आगामी 19 सितंबर को होटल स्प्रिंग स्काई, मुगलसराय में एक बृहद चिकित्सा सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार में चिकित्सा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा न्यूरो रोगों सहित आधुनिक चिकित्सा पद्धति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिया जाएगा।
सेमिनार में सुप्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. राकेश सिंह, डॉ. रमन शंकर, डॉ. मनोज उपाध्याय एवं डॉ. गौरव कुमार अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता साझा करेंगे। कार्यक्रम में चिकित्सा जगत से जुड़े चिकित्सकों को न्यूरो संबंधी जटिल रोगों, उनके उपचार की आधुनिक तकनीकों तथा मरीजों के बेहतर प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होंगी।
आयोजकों के अनुसार यह सेमिनार चिकित्सकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. विनोद बिंद एवं विधायक श्री रमेश जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
सेमिनार को लेकर नीमा पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों में उत्साह है। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम जानकारियों एवं उपचार की आधुनिक तकनीकों से चिकित्सकों को अवगत कराना तथा चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में संवाद स्थापित करना है।
उक्त जानकारी नीमा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ओ.पी. सिंह ने दी।