चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

अवैध कब्जाई भूमि पर चला प्रशासन का ट्रैक्टर, धान की फसल करायी नष्ट

चंदौली समाचार डेस्क • 11 सितमबर 2026, 09:22 बजे • 49 बार पढ़ा गया
अवैध कब्जाई भूमि पर चला प्रशासन का ट्रैक्टर, धान की फसल करायी नष्ट

इलिया। सैदूपुर गांव में आराजी संख्या 327 की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ शुक्रवार को तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार देवेंद्र यादव राजस्व कर्मियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भूमि की नापी और सीमांकन के बाद अवैध कब्जे में रोपी गई धान की फसल पर ट्रैक्टर चलवाकर उसे नष्ट कराया गया। इसके साथ ही करीब 0.210 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
बताया गया कि भागमनी आदि ने उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर आराजी संख्या 327 की भूमि पर राजेंद्र आदि अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने बीते सात सितंबर को मौके पर पत्थर गड़वाकर भूमि का सीमांकन कराया था। आरोप है कि इसके बावजूद राजेंद्र, कांता और शांता आदि ने उक्त भूमि पर अपना कब्जा बनाए रखा।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार देवेंद्र यादव, नायब तहसीलदार मोहम्मद आरिफ, कानूनगो, लेखपाल समेत राजस्व कर्मी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने अभिलेखों के आधार पर भूमि की नापी कराई। सीमांकन में आराजी संख्या 327 की भूमि पर संबंधित लोगों का कब्जा पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने ट्रैक्टर चलवाकर वहां रोपी गई धान की फसल नष्ट करा दी और भूमि को कब्जामुक्त करा दिया।
तहसीलदार देवेंद्र यादव ने बताया कि गाटा संख्या 327 में अवैध कब्जाधारियों का कोई सरोकार नहीं था। अभिलेखों और सीमांकन के आधार पर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद भूमि पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर समाप्त हो गया।