अपना दल कमेरावादी की जिला बैठक सम्पन्न
डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में जुटने का आह्वान, संगठन में कई पदों पर मनोनयन
पीडीडीयू नगर/मुगलसराय। अपना दल कमेरावादी की जिला इकाई चंदौली की आवश्यक बैठक बुधवार, 1 अक्टूबर 2026 को जिला कार्यालय, ओड़वार मालगोदाम पोखरा, पीडीडीयू नगर मुगलसराय में जिला अध्यक्ष गुरु पूरन पटेल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 17 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में कमेरों के मसीहा एवं बोधिसत्व डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिले से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में गुलाब सिंह पटेल, पर्वतपुर, चकिया तथा दुर्गा प्रसाद गुप्ता, डिग्घी, सकलडीहा को जिला सचिव, जबकि सूर्य प्रकाश सिंह पटेल, महावलपुर, मुगलसराय को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं महातिम पटेल को विधानसभा सचिव, चकिया के पद पर मनोनीत किया गया।
जिला अध्यक्ष गुरु पूरन पटेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला महासचिव रमेश सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष किसान मंच संदीप पटेल, सुरेश पटेल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।